गोंडा–बुढ़वल रेलखंड पर तीसरी लाइन का निर्माण, तीन ट्रेनें निरस्त, एक शॉर्ट टर्मिनेट

 

सीवान, 08 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे ने गोंडा–बुढ़वल रेलखंड पर गोंडा और गोंडा कचहरी स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के मद्देनजर कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है।

रेलवे ने कुछ ट्रेनों को निरस्त, एक ट्रेन को शॉर्ट टर्मिनेट तथा तीन एक्सप्रेस ट्रेनों का करनैलगंज स्टेशन पर दिया गया अस्थायी ठहराव भी निरस्त कर दिया है।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को चलने वाली 75106 गोरखपुर–थावे डेमू निरस्त रहेगी। वहीं 14 जुलाई 2026 को चलने वाली 75104 थावे–छपरा डेमू तथा 75101 छपरा–औंड़िहार डेमू भी रद्द रहेंगी।

इसके अलावा 10 जुलाई 2026 तक चलने वाली 55055 छपरा–नकहा जंगल सवारी गाड़ी को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। यह ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य नकहा जंगल के बजाय गोरखपुर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यह भी बताया कि अपरिहार्य कारणों से करनैलगंज स्टेशन पर कुछ ट्रेनों को दिया गया अस्थायी ठहराव वापस ले लिया गया है। इसके तहत 09 एवं 10 जुलाई 2026 को चलने वाली 19038 बरौनी–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, 09 जुलाई 2026 को चलने वाली 11124 बरौनी–ग्वालियर एक्सप्रेस तथा 15203 बरौनी–लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस का करनैलगंज स्टेशन पर ठहराव नहीं रहेगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma