रेलवे ट्रैक के किनारे आगजनी पर सख्ती, प्रशासन ने जारी की अपील
सीवान, 23 अप्रैल (हि.स.)। रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने रेल लाइनों के किनारे होने वाली आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इस दिशा में जन-जागरूकता अभियान भी तेज कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान ज्वलनशील या विस्फोटक पदार्थ साथ लेकर चलना बेहद खतरनाक हो सकता है। ऐसे मामलों में न सिर्फ रेल संचालन बाधित होता है, बल्कि यात्रियों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
वहीं, रेल लाइनों के आसपास रहने वाले किसानों और स्थानीय लोगों से भी अनुरोध किया गया है कि वे सूखी घास, पत्ते या पराली को रेलवे ट्रैक के किनारे न जलाएं। इससे आग फैलने का खतरा रहता है, जो ट्रैक और ट्रेनों के संचालन को प्रभावित कर सकता है।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
प्रशासन ने आमजन से जिम्मेदारी निभाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि रेल यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma