ड्यूटी पर जान गंवाने वाले रेलकर्मी के परिवार को मिला एक करोड़ का चेक

 


सीवान, 10 अगस्त (हि.स.)।

ड्यूटी के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले रेलकर्मी के परिवार को रेलवे सैलरी पैकेज के तहत एक करोड़ रुपये का बीमा लाभ मिला है।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार को दिवंगत रेलकर्मी स्व. संतोष कुमार राय की पत्नी निशु कुमारी को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। वाराणसी स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह और भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों की मौजूदगी में यह चेक प्रदान किया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह भुगतान भारतीय स्टेट बैंक की रेलवे सैलरी पैकेज के अंतर्गत गोल्ड इंश्योरेंस योजना के तहत किया गया है। स्व. संतोष कुमार राय कीमैन (ट्रैक मेंटेनर) के पद पर कार्यरत थे।

वह सीवान यार्ड में ड्यूटी के दौरान छपरा-थावे सवारी गाड़ी संख्या 75103 की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गये थे। उपचार के दौरान 19 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल, सीवान में उनका निधन हो गया था। उनका वेतन खाता भारतीय स्टेट बैंक की श्रीनगर, सीवान शाखा में संचालित था।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि रेलकर्मी के निधन के बाद मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश पर उनके परिवार को मिलने वाले विभिन्न देयों और लाभों के निस्तारण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी की गयी। इसके तहत ग्रेच्युटी, समूह बीमा, अवकाश नगदीकरण और पारिवारिक पेंशन सहित नियमानुसार देय अन्य लाभों का निस्तारण किया गया।

इसके अलावा रेलवे और एसबीआई के बीच संचालित रेलवे सैलरी पैकेज के तहत उपलब्ध गोल्ड इंश्योरेंस सुविधा के माध्यम से दिवंगत रेलकर्मी की पत्नी को एक करोड़ रुपये का बीमा भुगतान किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेलकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी रेलकर्मी के असामयिक निधन की स्थिति में उनके आश्रितों को नियमानुसार मिलने वाले सभी लाभों का त्वरित और सुगम निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में एसबीआई वाराणसी कैंट शाखा के शाखा प्रबंधक राहुल, कॉरपोरेट सैलरी रिलेशनशिप मैनेजर कृष्ण मोहन पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक अजित कुमार, कार्यालय अधीक्षक संतोष राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma