किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मियों ने किया कैंडल मार्च, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
किशनगंज, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर के साथ आरपीएफ कर्मियों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार, मारपीट और घसीटने की घटना के विरोध में बुधवार को किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया।
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी शामिल हुए और घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित स्टेशन मास्टर को न्याय दिलाने की मांग की। कैंडल मार्च के दौरान रेल कर्मचारियों ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात किसी भी कर्मचारी के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार न केवल उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि पूरे रेलवे परिवार का मनोबल भी प्रभावित करता है।
उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की कि सभी रेल कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थान में कार्यरत कर्मचारियों के साथ हिंसक या अपमानजनक व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो रेल कर्मचारी देशव्यापी स्तर पर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
कैंडल मार्च का नेतृत्व ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन, किशनगंज शाखा के सचिव सुनील मोहन झा ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह