कटिहार रेलमंडल के 21 स्टेशनों पर 25 ट्रेनों का नया ठहराव शुरू
कटिहार, 20 फरवरी (हि.स.)। कटिहार रेलमंडल अंतर्गत यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा चौमुखी विकास कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में रेलवे बोर्ड के निर्देश एवं पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्यालय मालीगांव से प्राप्त स्वीकृति के आधार पर कटिहार रेलमंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का नया ठहराव प्रारंभ कर दिया गया है।
कटिहार रेलमंडल के डीआरएम किरेंद्र नरह ने बताया कि रेलमंडल अंतर्गत कुल 21 स्टेशनों पर 25 ट्रेनों का दो-दो मिनट का नियमित ठहराव शुरू किया गया है। इससे स्थानीय यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वही नए ठहराव वाली प्रमुख ट्रेनों में बालू घाट–सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस, कामरूप एक्सप्रेस तथा चितपुर एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण गाड़ियाँ शामिल हैं।
डीआरएम ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा जिन स्टेशनों एवं हॉल्ट पर नया ठहराव शुरू किया गया है, वहां यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लंबित विकास कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आम यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पूर्व रेलवे के टोल-फ्री नंबर 139 के माध्यम से गाड़ी की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर अपनी सुखद यात्रा को सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह