अवैध बालू खनन के खिलाफ कई घाटों पर छापेमारी, दो ट्रैक्टर जब्त

 


किशनगंज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नदियों से अवैध बालू खनन और उसके गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने रविवार को व्यापक अभियान चलाया। सुबह तड़के पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ कई चिन्हित घाटों और संवेदनशील इलाकों में छापेमारी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से अवैध खनन और बालू परिवहन में शामिल कारोबारियों, चालकों व बिचौलियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए। विशेष अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने किया। उनके नेतृत्व में पोठिया थाना क्षेत्र के बड़ी सुहागी, गुआबाड़ी और धोबीडांगा समेत कई संवेदनशील घाटों पर संयुक्त रूप से छापेमारी की गई।

अभियान में पोठिया थाना पुलिस के अलावा चिचुआबाड़ी और छत्तरगाछ थाना की पुलिस टीम तथा संबंधित थानाध्यक्ष भी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और बालू परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी। इसी क्रम में ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के पथरिया घाट पर भी पुलिस ने छापेमारी की। यहां अवैध रूप से बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। पुलिस टीम को देखते ही घाट पर मौजूद कई लोग मौके से भाग निकले। वहीं पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में भी गश्ती एवं छापेमारी के दौरान बालू लदे एक ट्रैक्टर को पकड़कर थाना लाया गया। पुलिस ने दोनों जब्त ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।अधिकारियों के अनुसार जब्त वाहनों के चेसिस व इंजन नंबर, रजिस्ट्रेशन, खनन ई-चालान तथा बालू के स्रोत की जांच की जा रही है। जांच में अवैध खनन या परिवहन की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस समन्वित कार्रवाई से बालू के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप है।हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन घाटों से लगातार अवैध बालू उठाव की शिकायतें मिलती रही हैं, वहां पुलिस और खनन विभाग को नियमित निगरानी और लगातार कार्रवाई जारी रखनी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह