दरभंगा में सौरव मेडिकल पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई,शिकायतों के आधार पर छापेमारी

 


दरभंगा, 23 फ़रवरी (हि.स.)। दरभंगा शहर के बेंता चौक स्थित कमल फूल गोलंबर के समीप संचालित सौरव मेडिकल पर प्रशासन ने सोमवार को सघन छापेमारी कर अनियमितताओं का खुलासा किया है। कार्रवाई का नेतृत्व सोनल कुमार महतो, अपर अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), दरभंगा ने किया।

अपर अनुमंडल पदाधिकारी सोनल कुमार महतो ने बताया कि इस मेडिकल दुकान को लेकर लगातार स्थानीय स्तर पर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच में यह तथ्य सामने आया कि दुकान के पास पूर्व में लाइसेंस था, किंतु प्रोपराइटर के निधन के उपरांत उसका विधिवत नवीनीकरण एवं हस्तांतरण नहीं कराया गया। इसके बावजूद दुकान का संचालन जारी था, जो नियमों के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि औषधि व्यवसाय सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य से जुड़ा विषय है, इसलिए बिना वैध लाइसेंस या नवीनीकरण के किसी भी दुकान को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। जांच के दौरान लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। सोनल कुमार महतो ने यह भी संकेत दिया कि अब ऐसे सभी मेडिकल प्रतिष्ठानों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी, जिनका लाइसेंस वैध नहीं है या नवीनीकरण लंबित है। प्रशासन की इस सक्रियता को स्थानीय लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है। मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra