राघोपुर में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, सफेद बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
सुपौल, 13 अगस्त (हि.स.)। राघोपुर थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद चिलौनी पुल के पास गुरुवार को खनन विभाग की टीम ने अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की।
जांच के दौरान मिट्टी एवं बालू लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। खनन विभाग को क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम ने हुसैनाबाद चिलौनी पुल के निकट जांच अभियान चलाया।
इस दौरान सफेद बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया। चालक से खनिज के परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया।
खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बिना वैध चालान और आवश्यक दस्तावेजों के मिट्टी या बालू का परिवहन बिहार खनिज नियमावली का उल्लंघन है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राघोपुर थाना को लिखित आवेदन सौंपा गया है।
जब्त वाहन को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने और नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।खनन निरीक्षक शहवाज अहमद ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर पर सफेद बालू लदा था। चालक ने पूछताछ के दौरान इसे बेचने की बात स्वीकार की है।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन और खनिज के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। पुलिस और खनन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र