एसडीएम ने पात्र परिवारों तक राशन कार्ड का लाभ पहुंचाने का दिया निर्देश

 


सुपौल, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में राशन कार्ड निर्माण एवं संशोधन महाअभियान की प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड की सुविधा से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करने और अभियान को गंभीरता से सफल बनाने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने विकास मित्रों एवं जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों से कहा कि वे अपने-अपने पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान करें तथा राशन कार्ड बनवाने में उनकी हरसंभव सहायता करें। साथ ही जिन राशन कार्डों में परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अब तक नहीं जुड़ा है, उनका नाम भी अभियान चलाकर जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

एसडीएम ने बताया कि राशन कार्ड गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके माध्यम से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचता है। इसलिए अभियान के दौरान किसी भी पात्र व्यक्ति को छूटने नहीं दिया जाए।

बैठक में बीडीओ सत्येन्द्र कुमार यादव, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अमर शर्मा, प्रखंड की सभी 16 पंचायतों एवं नगर पंचायत के विकास मित्र, पीडीएस दुकानदार तथा बड़ी संख्या में जनवितरण विक्रेता मौजूद रहे।

इस दौरान डीलर संघ के अध्यक्ष जगदेव प्रसाद यादव सहित नंद कुमार साह, नरेंद्र झा, गंगा राम मेहता, सुधीर राम, लाल देव यादव समेत अन्य विक्रेताओं ने भी भाग लिया। एसडीएम ने सभी से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाकर पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र