राघोपुर में 14 भूमिहीन परिवारों को मिला वासगीत पर्चा, बसेरा-2 अभियान के तहत वितरित किए गए अधिकार पत्र
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। राघोपुर अंचल कार्यालय में शनिवार को बिहार सरकार के बसेरा-2 अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में 14 भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा वितरित किया गया।
इस दौरान अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया एवं राजस्व अधिकारी आकांक्षा मिश्रा ने चयनित लाभुकों को वासभूमि का कानूनी अधिकार प्रदान करते हुए पर्चा सौंपा।
अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने बताया कि जुलाई 2026 में संचालित बसेरा-2 अभियान के तहत मौजा नरहा, फिंगलास और अड़राहा के कुल 14 भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भूमिहीन परिवार को सुरक्षित आवासीय भूमि उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत चिन्हित शेष पात्र भूमिहीन परिवारों को आगामी 15 अगस्त को वासगीत पर्चा वितरित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
कार्यक्रम में रीता देवी, भूमि मंडल, जगतारण देवी, रिकू देवी, सोनिया देवी, सुमन्ती देवी, मनिका देवी, आशा कुमारी, मिथिलेश सादा, शिवचन्द्र सादा, बौआ सादा, दयावती, राधा देवी तथा श्यामवती देवी को वासगीत पर्चा प्रदान किया गया।
अंचलाधिकारी ने कहा कि अंचल प्रशासन सभी पात्र भूमिहीन परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। निर्धारित समयसीमा के भीतर शेष लाभुकों को भी वासगीत पर्चा उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बसेरा-2 अभियान का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का कानूनी अधिकार उपलब्ध कराकर उन्हें स्थायी आवास की दिशा में सशक्त बनाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र