राघोपुर अस्पताल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण,सुधार के सख्त निर्देश जारी
सुपौल, 05 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित रेफरल अस्पताल का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया गया, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आई। यह निरीक्षण दोपहर करीब 1 बजे वीरपुर के एसडीएम नीरज कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया।निरीक्षण के दौरान ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा कक्ष, विजन सेंटर, ईसीजी कक्ष समेत चल रहे बंध्याकरण ऑपरेशन शिविर का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों की कार्यशैली का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान कई खामियां भी उजागर हुईं, जिन पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत बताई गई।
एसडीएम नीरज कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जो गंभीर चिंता का विषय है। इसके अलावा बंध्याकरण ऑपरेशन शिविर के संचालन में भी कुछ कमियां सामने आईं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि इन खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मरीजों को बेहतर और सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसमें किसी तरह की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और अस्पताल में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने भी अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और कार्य में सुधार लाने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान बीसीएम सह प्रभारी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मो. शादाब अली, वरीय लिपिक चंद्रेश्वर गुप्ता, राजेश पांडेय सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर वीपीन तिवारी, डॉक्टर मीनू गुप्ता समेत अन्य चिकित्सकों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र