राघोपुर नाव दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक, पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए केंद्र और बिहार सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : संजय सरावगी
पटना, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी में नाव दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस हृदयविदारक हादसे में लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दुर्घटना में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को 2 लाख तथा घायलों को 50,000 की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस दुर्घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुःख की भरपाई संभव नहीं है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकसंतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। पीड़ितों को आर्थिक सहायता,घायलों का बेहतर उपचार तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता से संचालित किया जाए, लापता लोगों की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा दुर्घटना के कारणों की जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
संजय सरावगी ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त