राघोपुर में बैंकर्स समिति की बैठक, कमजोर प्रदर्शन वाले बैंकों को सुधार के निर्देश

 


सुपौल, 21 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एलडीएम वीरेंद्र सिन्हा ने की, जिसमें प्रखंड के विभिन्न बैंकों की कार्यप्रणाली, ऋण वितरण और ऋण वसूली की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव समेत कई अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान बताया गया कि राघोपुर प्रखंड का कुल सीडी रेशियो 82 प्रतिशत है, लेकिन कुछ बैंकों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया। जानकारी के अनुसार, सेंट्रल बैंक का सीडी रेशियो 65 प्रतिशत, पीएनबी का 71 प्रतिशत और बैंक ऑफ इंडिया का 57 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस पर एलडीएम ने संबंधित बैंकों को ऋण वितरण बढ़ाने और अपने प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में ऋण वसूली को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। एलडीएम वीरेंद्र सिन्हा ने कहा कि समय पर ऋण की अदायगी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से रिकवरी प्रक्रिया में तेजी लाने और जरूरतमंद लोगों तक अधिक से अधिक ऋण सुविधा पहुंचाने की अपील की।

वहीं बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि बैठक में बैंकिंग सेवाओं को और प्रभावी बनाने, ऋण वितरण में गति लाने तथा लंबित ऋण की वसूली सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही कम सीडी रेशियो वाले बैंकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र