होली पर्व को लेकर राघोपुर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
सुपौल, 02 मार्च (हि.स.)। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार की शाम करीब छह बजे राघोपुर पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों तथा संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए होली पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग, शराब पीकर उत्पात मचाने या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से संयम बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।
पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित होली मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि पर्व के दौरान लगातार गश्ती दल सक्रिय रहेंगे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
मौके पर एसआई कैलाश राम, पुष्पाजय कुमार, स्वीटी कुमारी, उमेश कुमार, बिकास कुमार, रौशनी कुमारी, पीटीसी अभय कुमार सहित दर्जनों पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र