कटिहार में रबी महाभियान का आगाज: जीरो टिलेज और वैज्ञानिक खेती से घटेगी लागत, बढ़ेगा मुनाफा

 


कटिहार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में रबी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में 'वासंतिक (रबी) महाभियान–2026' के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष (आत्मा) आशुतोष द्विवेदी, उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सूरज कुमार तथा जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला का मुख्य एजेंडा वैज्ञानिक पद्धतियों, डिजिटल सेवाओं और अंतर-विभागीय समन्वय के जरिए जिले के कृषि परिदृश्य को सुदृढ़ बनाना रहा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि रबी मौसम में उत्पादन लागत घटाने के लिए आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाना अनिवार्य है। उन्होंने गुणवत्तायुक्त बीज, बीजोपचार, उन्नत प्रभेदों के चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर विशेष जोर दिया। डीएम ने कहा कि शून्य जुताई (जीरो टिलेज) जैसी तकनीकों से न केवल लागत में कमी आती है, बल्कि उत्पादकता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने विभागीय योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन और डिजिटल कृषि पर प्रकाश डाला। उन्होंने बिहार कृषि ऐप, किसान कॉल सेंटर, फार्मर रजिस्ट्री तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मैदानी कर्मियों से कहा कि वे किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण और सत्यापन प्रक्रियाओं में हरसंभव सहायता प्रदान करें।

रणनीति के तहत उन्नत कृषि तकनीकों को पंचायत और खेत स्तर तक पहुंचाने के लिए किसान गोष्ठियों, प्रक्षेत्रीय प्रदर्शनों और डेमो किट वितरण की रूपरेखा तय की गई। इसके लिए कृषि समन्वयकों, किसान सलाहकारों, सहायक तकनीकी प्रबंधकों और प्रखंड तकनीकी प्रबंधकों को किसानों से सीधा संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का दायित्व सौंपा गया। साथ ही कृषि, पशुपालन, गव्य, मत्स्य, उद्यान, सहकारिता, जीविका और नाबार्ड सहित बैंकिंग संस्थानों के बीच तालमेल स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सहमति बनी।

कार्यशाला में कटिहार, बारसोई एवं मनिहारी के अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, आत्मा के उप परियोजना निदेशक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि अभियंत्रण शाखा के तकनीकी अधिकारी, विभिन्न संबद्ध विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कृषि कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह