सबौर में पुलिस कार्रवाई पर सवाल: दारोगा पर घर में जबरन घुसने और धमकी देने का आरोप, सुरक्षा के लिए डीआईजी से गुहार

 




भागलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर मोड़ पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एक स्थानीय महिला ने सबौर थाने के एक दरोगा पर आरोप लगाया है कि उन्होंने घर में किसी पुरुष सदस्य की अनुपस्थिति में जबरन प्रवेश किया और परिवार को प्रताड़ित किया। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार की महिलाओं में डर और भारी आक्रोश का माहौल है।

मामले में नंदकिशोर कुमार की पत्नी आरती कुमारी की ओर से संजना कुमारी के माध्यम से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संजना कुमारी ने बताया कि जब घर के सभी पुरुष सदस्य बाहर गए हुए थे, उसी दौरान सबौर थाने के एक दरोगा अचानक उनके घर में दाखिल हो गए। महिला का आरोप है कि दरोगा ने घर में आते ही उन पर शराब बेचने का आरोप मढ़ दिया और कहा कि यहाँ दारू का अवैध कारोबार होता है। संजना कुमारी ने पुलिस के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा, हमारा परिवार पढ़ने-लिखने वाला परिवार है। शराब के किसी भी तरह के अवैध कारोबार से हमारा दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। महिला ने यह भी संगीन आरोप लगाया कि विरोध करने पर दरोगा ने उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी है। इस घटना के बाद से घर की महिलाओं में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरा भय व्याप्त है।

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे इस मामले को लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक के समक्ष आवेदन देंगी और अपने जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाएंगी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में एक पेंच यह भी फंस रहा है कि जहां महिला की ओर से पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, वहीं घटना और बयानों को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग बातें भी चर्चा में हैं। वास्तविक घटना क्या थी और आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह पूरी तरह से जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल इस पूरे मामले पर सबौर थाना पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का पक्ष सामने आने और निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद ही मामले का सच सामने आ पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर