9.87 करोड़ की मिनी मरीन ड्राइव पर गुणवत्ता का संकट, जांच की उठी मांग

 


किशनगंज, 23 जुलाई (हि.स.)। शहर में रमजान नदी के किनारे लगभग 9 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन मिनी मरीन ड्राइव परियोजना पहली ही बारिश के बाद सवालों के घेरे में आ गई है। निर्माणाधीन स्थल पर कई जगह लगाए गए पेवर ब्लॉक धंस गए हैं, जबकि नदी किनारे बनाई जा रही संरचनाओं में भी क्षति के संकेत मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। यह परियोजना रमजान नदी के सौंदर्याकरण, नदी किनारों के संरक्षण तथा शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना के तहत नदी किनारे पैदल पथ, सुरक्षा दीवार, पेवर ब्लॉक, हरित क्षेत्र और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं लेकिन हालिया बारिश के बाद कई स्थानों पर पेवर ब्लॉक बैठ जाने और मिट्टी का कटाव दिखाई देने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही परियोजना का पहली ही बारिश में इस तरह प्रभावित होना बेहद चिंताजनक है। उनका कहना है कि यदि शुरुआती दौर में ही निर्माण कार्य की यह स्थिति है तो भविष्य में इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने आशंका जताई कि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौके पर पहुंचे कई लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन से संचालित विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से निर्माण सामग्री, कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की स्वतंत्र जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि लगातार हुई बारिश के कारण कुछ स्थानों पर तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि निर्माण एजेंसी को प्रभावित हिस्सों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि परियोजना को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जा सके। फिलहाल पहली ही बारिश में निर्माणाधीन मिनी मरीन ड्राइव के क्षतिग्रस्त होने की तस्वीरें शहर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की जांच कर क्या कदम उठाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह