पोठिया टी फैक्ट्री पहुंचे पूर्णिया आयुक्त, महानंदा लीफ चायपत्ती की ऑनलाइन ब्रांडिंग पर दिया जोर

 


किशनगंज, 18 जुलाई (हि.स.)। पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार ने शनिवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार के साथ पोठिया स्थित महानंदा जीविका महिला एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित टी प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग फैक्ट्री का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री की कार्यप्रणाली, चायपत्ती उत्पादन प्रक्रिया और जीविका दीदियों की भूमिका का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि महानंदा लीफ चायपत्ती का उत्पादन जीविका दीदियों के सामूहिक प्रयास और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री के संचालन से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े हैं तथा जीविका दीदियों और उनके परिवारों की आय में वृद्धि हुई है। साथ ही हरा चायपत्ता उगाने वाले किसानों को भी उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है।आयुक्त ने उत्पादन प्रक्रिया के सभी चरणों की जानकारी ली और द्वितीय सीजन में अब तक हुए उत्पादन की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण चायपत्ती उत्पादन की सराहना करते हुए ऑनलाइन बिक्री और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि महानंदा लीफ चायपत्ती को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए।

जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि इस सीजन अब तक लगभग 9.47 लाख किलोग्राम हरा चायपत्ता किसानों से खरीदा गया है, जिससे 2.11 लाख किलोग्राम महानंदा लीफ चायपत्ती का उत्पादन किया जा चुका है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस सीजन 10 लाख किलोग्राम चायपत्ती उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है और उस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में डेढ़ लाख किलोग्राम चायपत्ती का उत्पादन हुआ था, जिसकी पूरी बिक्री हो चुकी है। वर्तमान में महानंदा लीफ चायपत्ती की बिक्री जीविका सामुदायिक संगठन, संकुल संघ, किसान उत्पादक समूह, ग्रामीण बाजारों के अलावा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन के माध्यम से भी की जा रही है। ।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह