उड्डयन मंत्री ने अक्टूबर से पूर्णिया टू बंगलुरू , मुंबई उड़ान प्रारंभ की बात कही : पप्पू यादव
पूर्णिया, 13 अगस्त (हि.स.)।
पूर्णिया एयरपोर्ट से यात्री विमान सेवा शुरू होने के एक वर्ष पूरे होने पर सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू से मुलाकात कर आभार जताया। सांसद ने पूर्णिया से मुंबई और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ान शुरू कराने की मांग की। पप्पू यादव के अनुसार, मंत्री ने बताया कि पूर्णिया-मुंबई और पूर्णिया-बेंगलुरु मार्ग पर अक्तूबर माह तक उड़ान शुरू होने की संभावना है। सांसद ने कहा कि इन दोनों महानगरों के लिए सीधी सेवा शुरू होने से सीमांचल के व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सांसद ने पूर्णिया एयरपोर्ट के स्थायी टर्मिनल और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि स्थायी टर्मिनल भवन एवं संबद्ध कार्यों के लिए करीब 294.05 करोड़ रुपये की ईपीसी निविदा जारी की गई है, लेकिन वास्तविक निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर आधुनिक टर्मिनल, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पार्किंग और अन्य यात्री सुविधाओं का निर्माण निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का आग्रह किया।
पप्पू यादव ने एयरपोर्ट के एप्रन सहित अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी चिंता जताई और स्वतंत्र तकनीकी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री, ठेकेदारों की कार्यशैली और विभागीय निगरानी की विशेषज्ञ टीम से जांच कराई जाए। यदि मानकों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी, ठेकेदार और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही इंटरिम टर्मिनल, एप्रन, टैक्सीवे, लाइटिंग और नेविगेशन सिस्टम के कार्यों की नियमित उच्चस्तरीय मॉनिटरिंग की भी मांग की।
सांसद ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट पूरे सीमांचल के आर्थिक और सामाजिक विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसके विस्तार से पूर्णिया के साथ अररिया, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा सहित आसपास के जिलों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से एयरपोर्ट के निर्माण और हवाई संपर्क विस्तार पर समानांतर रूप से तेजी से काम करने तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूर्ण विकसित आधुनिक एयरपोर्ट की दीर्घकालिक योजना तैयार करने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह