विश्व योग दिवस को लेकर प्रचार रथ रवाना

 


भागलपुर, 18 जून (हि.स.)। विश्व योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योग शिविर के प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क को गति देने के लिए विशेष प्रचार रथ का शुभारंभ गुरुवार को ध्वज दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर शिविर के संयोजक मनीष दास, निरंजन शाह, योगी राजीव मिश्रा (वशिष्ठ योग जिला प्रमुख, भागलपुर), अजीत गुप्ता, दीपक कुमार, अमरदीप साह, समीर सिंह सहित अनेक योग साधक उपस्थित रहे। वहीं सैंडिस कंपाउंड मैदान में भी जनसंपर्क अभियान को निरंतर गति प्रदान की गई। संयोजक मनीष दास के नेतृत्व में कई योग साधक एवं साधिकाओं ने लोगों से संपर्क कर 21 जून को प्रातः 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित होने वाले विश्व योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया। मनीष दास ने कहा कि आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में मानसिक और शारीरिक स्थिरता अत्यंत आवश्यक है।

योग, आसन एवं प्राणायाम के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं आनंदमय बना सकता है। उन्होंने कहा कि इस विशेष योग शिविर में योग गुरु धीरज वशिष्ठ के मार्गदर्शन में योग को सहज एवं सरल तरीके से सिखाया जाएगा, जिसका लाभ सभी नागरिकों को अवश्य उठाना चाहिए। उन्होंने सभी योग प्रेमियों एवं आमजन से अपील किया कि वे 21 जून को सैंडिस कंपाउंड मैदान में आयोजित इस योग महोत्सव में भाग लेकर अपने स्वास्थ्य एवं जीवन को नई दिशा प्रदान करें। संस्था की ओर से अमरदीप शाह को कार्यक्रम के निमित्त मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर