जनहितकारी योजनाओं से संवर रही समाज के अंतिम व्यक्ति की जिंदगी : तारकिशोर प्रसाद
कटिहार, 25 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार के “सेवा, संकल्प एवं समर्पण” के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को कटिहार जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विकास और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। इस विशेष अवसर पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कटिहार के विकास भवन सभागार में किया गया, जहाँ जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे देखा।
इन 100 दिनों के दौरान जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, रोजगार, ऊर्जा, ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तीकरण और महिला एवं बाल विकास के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की सीधी पहुँच सुनिश्चित की गई है। आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाएँ, जल-जीवन-हरियाली, सौर ऊर्जा और रोजगार सृजन जैसी योजनाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त हुई हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कटिहार के सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि जिला प्रशासन ने राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हुए कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
जिलाधिकारी कटिहार आशुतोष द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिला प्रशासन पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा एवं विकास कार्यों को निरंतर गति दी जाएगी। जिला प्रशासन आम नागरिकों के सहयोग एवं विश्वास के प्रति आभार व्यक्त करता है।
विकास भवन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि सिंह, महापौर उषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खां, 20 सूत्री के उपाध्यक्ष मनोज राय, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नगर आयुक्त के साथ बड़ी संख्या में जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह