छातापुर में सहयोग शिविर आयोजित,सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सरकार की प्राथमिकता: प्रभारी मंत्री

 




सुपौल, 16 जून (हि.स.)। बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री सह सुपौल जिले के प्रभारी मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को छातापुर प्रखंड के रामपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया, लाभुकों से सीधे संवाद किया और अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, भूमि विवाद और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर इसी सोच का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय और संसाधन दोनों बच रहे हैं, साथ ही प्रशासन और जनता के बीच संवाद भी मजबूत हो रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त कर रहे हैं और लोगों को आवश्यक जानकारी व सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी हासिल की। मंत्री ने अंत में अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र