समाहरणालय में लगा जनता दरबार, 70 से अधिक मामलों का निष्पादन

 


भागलपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं उपस्थित रहे और फरियादियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। जिलाधिकारी ने बताया कि आज आयोजित जनता दरबार में 70 से अधिक मामलों का ऑन-द-स्पॉट निवारण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि आम लोगों को अपनी समस्या लेकर इधर-उधर भटकना न पड़े।

इसी उद्देश्य से अब प्रखंड और पंचायत स्तर पर भी नियमित रूप से शिकायतें सुनी जा रही हैं और उनका वहीं पर समाधान किया जा रहा है। डॉ. चौधरी ने कहा, “हमारी कोशिश है कि जो व्यक्ति जिस क्षेत्र से आता है, उसकी समस्या का समाधान उसी क्षेत्र में हो। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ शिकायतों का निष्पादन करें। ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय तथा धन दोनों की बचत हो। जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा योजना, बिजली एवं राजस्व से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

कई मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देकर समाधान कराया गया, जबकि कुछ जटिल मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रशासनिक व्यवस्था पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केन्द्रित हो।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “सबका सम्मान, जीवन आसान” की भावना को साकार करना है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका न्यायसंगत समाधान किया जाए। जनता दरबार में उपस्थित लोगों ने भी त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया और प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर