37वीं प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न: 217 अंकों के साथ राजगीर बना ओवरऑल चैंपियन

 


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के तत्वावधान में सैनिक स्कूल गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी, चंपानगर, भागलपुर के प्रांगण में चल रही 37वीं प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को हो गया।

समापन सत्र का विधिवत शुभारंभ भारती शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा, विद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा, बांका के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद, प्रांतीय खेल प्रमुख राकेश कुमार पांडेय, पूर्व वार्ड पार्षद जीवन कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए भारती शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कहा कि जो खिलाड़ी यहां जीत नहीं पाए, वे निराश न हों क्योंकि वे यहां से कुछ न कुछ सीख कर जा रहे हैं। खिलाड़ियों को निरंतर लगन, खेल भावना और जज्बे के साथ अभ्यास करना चाहिए, तभी वे आगे सफल हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में खेल में रुचि रखने वाले खिलाड़ियों का करियर भी आसान हो जाता है। खेल में सफलता के लिए समय पालन, अच्छे खिलाड़ियों के खेल का अवलोकन, कठिन परिश्रम, विनम्रता, आत्मविश्वास और अनुशासन बेहद आवश्यक है। वहीं विद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन झा ने कहा कि खेल व्यायाम का ही एक भाग है जो आनंद देने के साथ-साथ सफलता का प्रेरक सोपान भी है। जीत और हार में बहुत ज्यादा अंतर नहीं होता। विजेताओं को अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखने के लिए आगे भी निरंतर संघर्ष एवं परिश्रम करने की आवश्यकता है।

प्रतियोगिता के परिणाम:

ओवरऑल चैंपियन: राजगीर (कुल 217 अंक)

शिशु वर्ग: प्रथम स्थान - औरंगाबाद, द्वितीय स्थान - सादीपुर मुंगेर, तृतीय स्थान - बाढ़।

बाल वर्ग: प्रथम स्थान - राजगीर, द्वितीय स्थान - नरगाकोठी भागलपुर, तृतीय स्थान - औरंगाबाद।

किशोर वर्ग: प्रथम स्थान - गयाजी, द्वितीय स्थान - औरंगाबाद, तृतीय स्थान - पुरानीगंज मुंगेर।

तरुण वर्ग: प्रथम स्थान - राजगीर, द्वितीय स्थान - पुरानीगंज मुंगेर, तृतीय स्थान - गयाजी।

बेस्ट एथलीट पुरस्कार: किशोर वर्ग में कुमार विभूति (पटना) तथा तरुण वर्ग में अमृत राज (पुरानीगंज मुंगेर)।

इस प्रतियोगिता में कुल 48 विद्यालयों से आए 616 भैया-बहनों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंच का कुशल संचालन मुंगेर विभाग के जिला निरीक्षक वीरेंद्र कुमार द्वारा किया गया, जबकि अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार ने कराया। इस अवसर पर उमाशंकर पोद्दार, धरणीकांत पांडेय, सतीश कुमार सिंह, लालबाबू प्रसाद यादव, सुमन कुमार सिंह, गंगा चौधरी, परमेश्वर कुमार, प्रांतीय पूर्व छात्र संयोजक अनुराग महाराणा, अभिनंदन सिंह, ममता जायसवाल, अमित आनंद, नेहा कुमारी, सृष्टि कश्यप, दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्र, शांतनु आनंद, मनोज तिवारी, शुभम कुमार, ऋषि देवाशीष सहित विद्यालय के संरक्षक आचार्य और प्रतिभागी भैया-बहन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर