चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

 


सुपौल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ रविवार को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने निर्मली शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। महागठबंधन के नेतृत्व में निर्मली-मरौना क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने शहर के दुर्गास्थान से जुलूस निकाला, जो मेन रोड होते हुए सिपाही चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिपाही चौक पर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के कारण बड़ी संख्या में मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ देश के चुनिंदा लोगों को मिल रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी समेत विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब जनता राजनीतिक घटनाक्रम और सरकार की नीतियों को समझ रही है तथा आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर में विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ सशस्त्र बल के जवानों की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारी पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र