टीएनबी लॉ कॉलेज में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई का सांकेतिक धरना, बड़ी संख्या में छात्र-युवा और समाज के लोग हुए शामिल

 


भागलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस, भागलपुर एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को टीएनबी लॉ कॉलेज परिसर, तिलकामांझी में एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। धरना के दौरान वक्ताओं ने छात्र-युवा और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और जनहित से जुड़े सवालों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखा और संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की।कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर धरना प्रारंभ हुआ, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के सम्मानित लोगों ने भी अपनी सहभागिता निभाई और युवाओं की आवाज़ को समर्थन दिया आयोजकों ने कहा कि यह सांकेतिक धरना लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर जल्द सकारात्मक पहल की जाएगी कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखा गया और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इस सांकेतिक धरना-प्रदर्शन को सफल बनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर