सड़क की बदहाली से गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-80 को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर की धान की रोपाई, उग्र आंदोलन की चेतावनी
भागलपुर , 09 अगस्त (हि.स.)। जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत कीर्तनिया पंचायत में जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। कीर्तनियां–पकड़िया मुख्य मार्ग, जो राष्ट्रीय राजमार्ग 80 को जोड़ता है, की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने रविवार को सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और जमा पानी के बीच धान की रोपाई की और उसमें खाद डालकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब दो वर्षों से इस सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होने से यह तालाब जैसी नजर आने लगी है। इस वजह से आए दिन राहगीर और वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और एम्बुलेंस या मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मानसून के मौसम में तो स्थिति इतनी बदतर हो जाती है कि लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
ग्रामीण बमबम सिंह ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क के निर्माण और मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित आवेदन दिया गया है। इसके बावजूद अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों की इस अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण या सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस अनोखे प्रदर्शन में गांव के महिला-पुरुष और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मौके पर मुख्य रूप से सुलोचना देवी, प्रमिला देवी, जिछी देवी, चिंता देवी, ऐतवार तांती, सुनील कुमार, सन्नी कुमार, पवन पोद्दार, विशाल पोद्दार, दीपक पांडे, सौरभ कुमार, सोनू साह, दिलीप साह, रुपेश साह, बमबम सिंह, दीपक मिश्रा, बल्ली तांती और विष्णु कुमार समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर