छात्र राजद का प्रदर्शन, जलाया प्रभारी कुलपति का पुतला
भागलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में छात्र राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल के छात्र संगठन छात्र राजद ने बुधवार को तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रभारी कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
दर्जनों की संख्या में पहुंचे छात्र राजद कार्यकर्ता विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाए नजर आए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में एक ही व्यक्ति को दो-दो पद दिए जाने के कारण छात्र हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़े हुए हैं। उनका कहना है कि इसका खामियाजा सीधे तौर पर छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें कॉलेजों में विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
छात्र नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बना हुआ है। उनका आरोप है कि प्रभारी कुलपति विश्वविद्यालय आने पर केवल फाइलों में ही व्यस्त रहते हैं और छात्रों के मुद्दों पर न तो ध्यान देते हैं और न ही कोई ठोस पहल करते हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्र राजद कार्यकर्ताओं ने प्रभारी कुलपति को तत्काल पद से हटाने की मांग भी उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में इस तरह के विरोध प्रदर्शन लगातार सामने आते रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि छात्र संगठनों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर