विकास राशि के आवंटन में भेदभाव का आरोप, भागलपुर नगर निगम में पार्षदों का धरना
भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम में विकास राशि के आवंटन को लेकर छिड़ा विवाद अब और गहरा गया है। वार्डों के बीच विकास राशि के आवंटन में कथित असमानता, भेदभाव और मनमानी के खिलाफ सोमवार को नगर निगम परिसर में पार्षदों ने धरना प्रदर्शन किया।
वार्ड संख्या-2 की पार्षद सोनी देवी और वार्ड संख्या-25 के पार्षद गोविंद बनर्जी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के जरिए नगर निगम प्रशासन और महापौर की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए।
धरना प्रदर्शन के लिए लगाए गए बैनर में स्पष्ट रूप से विकास राशि के आवंटन में अत्यधिक भेदभाव, मनमानी और तानाशाही रवैये के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही गई है।
प्रदर्शनकारी पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम के सभी वार्डों का विकास समान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए, लेकिन राशि के आवंटन में भारी असमानता बरती जा रही है। विकास योजनाओं का लाभ किसी खास वार्ड तक ही सीमित रखा जा रहा है, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
धरने पर बैठे पार्षदों ने मांग की है कि विकास राशि के आवंटन में पूरी पारदर्शिता लाई जाए और सभी वार्डों के साथ समान व्यवहार करते हुए कथित मनमानी पर तुरंत रोक लगाई जाए।
पार्षदों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी अपने-अपने वार्डों की जनता की समस्याओं को नगर निगम तक पहुंचाना और उनका समाधान कराना है। ऐसे में यदि विकास कार्यों के लिए राशि के आवंटन में भेदभाव होता है, तो इसका सीधा असर आम लोगों की बुनियादी सुविधाओं (जैसे सड़क, नाली, सफाई और रोशनी) पर पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक शहर के प्रत्येक क्षेत्र को उसकी जरूरत के अनुसार संसाधन और राशि उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक उनका यह विरोध और न्याय की मांग जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर