पार्षद के आरोप के खिलाफ नगर निगम कर्मियों का प्रदर्शन
भागलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर नगर निगम के कर्मचारियों ने वार्ड 21 के पार्षद संजय सिन्हा पर कर्मचारियों के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने और अवैध उगाही का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को निगम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया।
नगर निगम कर्मचारी संघ के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने सम्मान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों के हाथ में मौजूद एक बैनर ने लोगों का ध्यान खींचा। बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा था- ‘मैं हूं डॉन, मुझसे सब डरो कर्मचारियों ने इस संदेश के माध्यम से पार्षद पर लगाए गए कथित दबाव और धमकी के आरोपों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया निगम कार्यालय परिसर में काफी देर तक कर्मचारी एकजुट होकर नारेबाजी करते रहे।
कर्मचारियों का कहना है कि निगम के कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उन पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। कर्मचारी संघ ने इसे लेकर नगर निगम प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कर्मचारियों को काम करने के लिए भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
नगर निगम कर्मचारी संघ की ओर से मेयर को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि 12 अगस्त को हुई निगम सामान्य समिति की बैठक के दौरान वार्ड 21 के पार्षद संजय सिन्हा ने कर्मचारियों पर बेबुनियाद आरोप लगाए कर्मचारियों ने इन आरोपों पर आपत्ति जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कर्मचारी संघ का आरोप है कि पार्षद की ओर से कर्मचारियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। संघ ने निगम प्रशासन से मांग की है कि किसी भी आरोप की जांच तथ्यों के आधार पर की जाए और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई हो। कर्मचारी संघ ने निर्णय लिया है कि विरोध-प्रदर्शन के तहत दो दिनों तक निगम कार्यालय परिसर में धरना दिया जाएगा।
संघ ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना है। कर्मचारियों ने कहा कि निगम के कामकाज को सुचारु रूप से चलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में कर्मचारियों पर बेवजह दबाव या आरोप लगाने के बजाय शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने निगम प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उचित समाधान निकालने की मांग की है कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सम्मान के साथ काम करने का अधिकार है और वे इसी मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर