भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

 


भागलपुर, 09 जून (हि.स.)। जिले के कहलगांव प्रखंड स्थित अंतिचक पंचायत में विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय और उससे जुड़ी परियोजनाओं के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण का स्थानीय किसानों ने विरोध किया है।

किसानों ने अपनी जमीन के बदले उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से तय किया गया मुआवजा वर्तमान बाजार मूल्य के मुकाबले काफी कम है। उनका कहना है कि कृषि भूमि ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और कम मुआवजे में जमीन देने से उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।

किसानों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। लेकिन उनकी जमीन का उचित मूल्य मिलना चाहिए कि प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन से बाजार दर के अनुसार मुआवजा तय करने की मांग की।

किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता तब तक वे अपनी जमीन अधिग्रहण के लिए नहीं देंगे। वहीं इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और किसान प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर