बिहार कृषि विश्वविद्यालय में छात्रों का जोरदार हंगामा, मुख्य गेट जाम कर की नारेबाजी
भागलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर में सोमवार को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया। विश्वविद्यालय के 5वें और 6ठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने सुबह ही प्रशासनिक भवन और विश्वविद्यालय के मुख्य गेट को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे परिसर में प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया।
छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने शैक्षणिक अधिकारों की बहाली की मांग की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि नियमों के मुताबिक उन्हें शैक्षणिक भ्रमण (टूर पैकेज) पर भेजा जाना अनिवार्य है, लेकिन प्रशासन इसमें लगातार टालमटोल कर रहा है।
छात्रों ने कहा कि कृषि विज्ञान की पढ़ाई में फील्ड विजिट और टूर का बेहद अहम रोल होता है, इसके बिना उनका प्रैक्टिकल ज्ञान अधूरा है। शैक्षणिक भ्रमण पर न भेजे जाने से उनके भविष्य और शैक्षणिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। घंटों चले इस हंगामे के बाद विश्वविद्यालय के वरीय अधिकारियों ने प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर छात्रों से वार्ता की।
अधिकारियों द्वारा जल्द ही नियमों के तहत टूर पैकेज की व्यवस्था करने के लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम हटाया और आंदोलन शांत हुआ। हालांकि, छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर उन्हें टूर पर नहीं भेजा गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर