बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

 


भागलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के कचहरी चौक पर शुक्रवार में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शन का आयोजन विश्व हिंदू परिषद के बैनर तले किया गया, जिसमें देश में बढ़ रही कथित जिहादी घटनाओं और सामाजिक मुद्दों के खिलाफ आवाज उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की।

बैनर पर लिखे संदेशों में देश में बढ़ रही सुनियोजित जिहादी घटनाओं, नागरिक तंत्र में कथित लव जिहाद, अवैध भूमि कब्जा, खान-पान में अपवित्रता और हिंदू परिवारों और जनजातियों के उत्पीड़न जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन से इन मामलों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उनका कहना था कि इस तरह की घटनाएं समाज में असंतुलन पैदा कर रही हैं। इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल एक चेतावनी है। यदि समय रहते इन मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग किया कि समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कचहरी चौक से निकले इस विरोध मार्च ने शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया और अंत में सभा के रूप में समाप्त हुआ।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपने विचार रखे और एकजुटता का संदेश दिया। कुल मिलाकर, यह प्रदर्शन भागलपुर में एक महत्वपूर्ण सामाजिक और राजनीतिक गतिविधि के रूप में देखा जा रहा है, जिसने स्थानीय स्तर पर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर