पुराने रेल मार्ग से कुशेश्वरस्थान तक रेल परियोजना पूरी कराने की मांग, हरनगर स्टेशन पर धरना

 




दरभंगा, 10 सितंबर (हि.स.)।

दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में सकरी-हसनपुर रेल परियोजना को पुराने मार्ग से ही कुशेश्वरस्थान तक पूरा कराने की मांग को लेकर गुरुवार को हरनगर स्टेशन परिसर में कुशेश्वरस्थानधाम रेल परियोजना निर्माण संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता मधुकांत झा मिंटू की अध्यक्षता में आयोजित धरने में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

धरने को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता शंकर कुमार झा ने कहा कि हरनगर से कुशेश्वरस्थान तक पुराने रेल रूट को छोड़कर नया मार्ग बनाने की प्रक्रिया किसानों के साथ अन्याय और सरकारी खजाने पर अतिरिक्त बोझ बढ़ाने वाली होगी। उन्होंने कहा कि पुराने रूट पर करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में 90 प्रतिशत मिट्टी कार्य के साथ पुल-पुलिया का निर्माण भी हो चुका है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद करीब 12 किलोमीटर नए रूट के लिए जमीन अधिग्रहण एवं डीपीआर की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इससे किसानों की हजारों एकड़ जमीन प्रभावित होने तथा बड़ी संख्या में परिवारों के सामने जीविका का संकट उत्पन्न होने की आशंका है।

समिति सदस्यों ने कहा कि पुराने रूट को स्वीकृति देकर निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए तो शेष काम करीब छह माह में पूरा कर हसनपुर तक रेल परिचालन शुरू किया जा सकता है। इससे समय और सरकारी राशि दोनों की बचत होगी।

वक्ताओं ने कहा कि कुशेश्वरस्थान को रेल से जोड़ना पूरे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है। पूर्व रेल मंत्री स्वर्गीय ललित नारायण मिश्र एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बाबा कुशेश्वरनाथ धाम को रेल जंक्शन के रूप में विकसित करने के सपने को पूरा करने के लिए सर्वदलीय संघर्ष जारी रहेगा। समिति ने कहा कि पुराने रूट से रेल लाइन निर्माण की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra