बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए तरल पदार्थ का सेवन जरूरी : डॉ अजय सिंह
भागलपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर भागलपुर में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है और पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में हीटवेव की आशंका जताई है। जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे हालात में बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। भागलपुर के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस तपती गर्मी में बच्चों का विशेष ख्याल रखें। उन्होंने बताया कि अचानक बढ़ते तापमान का सबसे ज्यादा असर नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों पर पड़ता है।
गर्मी के कारण उनका पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी घटने लगती है, जिससे वे जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। डॉ. सिंह के अनुसार, बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाना सबसे जरूरी है। इसके लिए उन्हें नियमित अंतराल पर पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाना चाहिए। साथ ही ओआरएस, नारियल पानी, नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ भी बच्चों के लिए फायदेमंद होते हैं।
उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी होने पर बच्चों में कमजोरी, चक्कर और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए समय रहते सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि तेज धूप के समय, खासकर दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच, बच्चों को घर से बाहर न निकालें। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो बच्चों को हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनाएं तथा सिर को ढककर रखें। घर के अंदर भी बच्चों को ठंडे और हवादार वातावरण में रखें।
डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के खानपान पर भी ध्यान दें और उन्हें ताजा व हल्का भोजन दें। किसी भी तरह की तबीयत खराब होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, ताकि समय रहते इलाज किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर