जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मिशन शक्ति योजनाओं की प्रगति समीक्षा आयोजित

 


सहरसा, 06 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यालय वेश्म में महिला एवं बाल विकास निगम, सहरसा अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप विकास आयुक्त, उप निदेशक जनसंपर्क, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला परियोजना प्रबंधक महिला एवं बाल विकास निगम, जिला मिशन समन्वयक, जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन एवं जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, सहरसा द्वारा मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों एवं प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर, सहरसा को नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि महिलाओं को एक ही छत के नीचे बेहतर एवं सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में पुराना सदर अस्पताल परिसर, सहरसा में चिह्नित शक्ति सदन भवन के मरम्मति कार्य की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।साथ ही, पुलिस लाइन परिसर में संचालित पालनाघर में पेयजल की समस्या से अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को प्राथमिकता के आधार पर चापाकल स्थापित कराने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों एवं कर्मियों को पेयजल की समुचित सुविधा उपलब्ध हो सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना एवं सखी वार्ता कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जागरूकता गतिविधियों को पंचायत एवं समुदाय स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित किया जाए, जिससे अधिकाधिक महिलाएं एवं बालिकाएं सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा महिलाओं एवं बच्चों के सशक्तिकरण हेतु समन्वित प्रयास करने पर बल दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार