उर्वरकों के संतुलित उपयोग हेतु जागरूकता अभियान
सुपौल, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल स्थित प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में बुधवार को उर्वरकों के संतुलित उपयोग हेतु जागरूकता अभियान पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अपना विचार व्यक्त करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। हरित क्रांति के बाद खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बना है। इस सफलता में रासायनिक उर्वरकों की बड़ी भूमिका रही है। लेकिन पिछले दो दशकों में असंतुलित और अधिक उर्वरक उपयोग ने मिट्टी, पानी, पर्यावरण और किसान की जेब तीनों को नुकसान पहुंचाया है। कहा कि नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश का अनुपात 4:2:1 होना चाहिए, जबकि देश में यह 8:3:1 तक बिगड़ चुका है।
इसी असंतुलन को ठीक करने के लिए उर्वरकों के संतुलित उपयोग हेतु जागरूकता अभियान समय की मांग है। सहायक तकनीकी प्रबंधक पंकज कुमार ने कहा कि यूरिया का अंधाधुंध उपयोग मिट्टी को सख्त और अम्लीय बना देता है। सूक्ष्म जीव मर जाते हैं जिससे मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता घटती है। किसान नाइट्रोजन ज्यादा डालते हैं लेकिन फास्फोरस, पोटाश, जिंक, सल्फर नहीं डालते। इससे पौधा असंतुलित बढ़ता है और रोग लगते हैं। उपज बढ़ने के बजाय लागत बढ़ती है।
अतिरिक्त नाइट्रेट भूजल में मिलकर पानी को पीने लायक नहीं छोड़ता। यूरिया से नाइट्रस ऑक्साइड गैस निकलती है जो ग्लोबल वार्मिंग बढ़ाती है। कृषि समन्वयक सुनील कुमार ने कहा कि उर्वरक फसल का भोजन है, लेकिन अधिक भोजन से भी बीमारी लगती है। संतुलित उपयोग ही टिकाऊ खेती का आधार है। इसके लिए सरकार, वैज्ञानिक, कंपनी और किसान चारों को मिलकर काम करना होगा।
किसान सलाहकार संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अमन कुमार ने कहा कि जागरूकता अभियान का मकसद केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि किसानों का व्यवहार बदलना है। जब हर किसान मिट्टी जांच कराकर खाद डालेगा, जब हर खेत में गोबर के साथ रासायनिक खाद जाएगी, तभी मिट्टी बचाओ, देश बचाओ का नारा भी सार्थक होगा। स्वस्थ मिट्टी से ही स्वस्थ किसान और स्वस्थ भारत बनेगा। कार्यक्रम में कृषि समन्वयक अरविन्द कुमार, रविन्द्र कुमार रमन, सुबोध कुमार, किसान सलाहकार हेमंत कुमार, पवन कुमार, बमबम कुमार, मनोज कुमार, योगेश कुमार, मनीष कुमार,रामनारायण यादव, मोहन यादव, चिरंजीवी यादव, ललित रजक, दिनेश कुमार, सुरेंद्र दास आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र