तीन दिवसीय बिहार दिवस कार्यक्रम का आगाज
भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के अनुमंडल प्रशासन नवगछिया द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का शुभारंभ रविवार को बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन से की गई। उद्घाटन में नवगछिया के एसडीम सहित कई पदाधिकारी और विद्यालय प्रबंधन के लोग मौजूद थे। जिसके बाद बिहार गीत की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर विभिन्न स्टॉलों का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। साथ ही पेंटिंग, चित्रकला, मूर्ति कला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र से लेकर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, नाटक एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। “ऐसन अपना बिहार”, “बिहार लोक गाथा”, “घूमर नृत्य” और “कजरी” जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बाल भारती विद्यालय, सावित्री पब्लिक स्कूल, मॉडर्न वैभव पब्लिक स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बाल भारती विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत “बिहार गौरव गाथा” गान-नृत्य रहा। इस प्रस्तुति में बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, पारंपरिक त्योहारों, वीर शहीदों एवं महान साहित्यकारों को भावपूर्ण ढंग से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति में खुशी, फ़िज़ा और आराध्या सहित कुल 30 बच्चों ने भाग लिया, जिन्होंने अपने अभिनय और नृत्य के माध्यम से बिहार की गौरवशाली विरासत को जीवंत कर दिया।
बिहार गौरव गान का निर्देशन कथक नृत्य गुरु निभाष मोदी द्वारा किया गया। जिनके कुशल मार्गदर्शन में बच्चों ने बेहतरीन तालमेल और भाव-भंगिमा प्रस्तुत की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रतिभा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर