रामनवमी पर राममय हुआ भागलपुर

 


भागलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को भागलपुर शहर भक्ति, आस्था और उत्साह के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। हिंदुत्व सेवा संघ के तत्वावधान में आयोजित भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को राममय बना दिया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए और “जय श्री राम” के नारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। हर गली, हर चौक और हर मार्ग पर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस भव्य शोभायात्रा की शुरुआत मायागंज स्थित महाकालेश्वर मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। मंदिर परिसर में विशेष पूजन के बाद भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर शोभायात्रा को रवाना किया गया। इसके बाद यह यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों घंटाघर चौक, स्टेशन रोड, तिलकामांझी चौक सहित कई इलाकों से गुजरते हुए पुनः मायागंज स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा, भारत माता की आकर्षक झांकी और नंदी की सजीव प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। भक्ति गीतों की मधुर धुन, ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड-बाजों की ताल और लेज़र लाइट की चमक ने पूरे माहौल को दिव्य और उत्सवमय बना दिया। इस बार शोभायात्रा का सबसे अनोखा और चर्चित आकर्षण मंजूषा कला से सजी पारंपरिक बैलगाड़ी रही। स्थानीय कला और संस्कृति को प्रदर्शित करती इस बैलगाड़ी को बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया था। मंजूषा पेंटिंग से सुसज्जित इस प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया और पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बनी रही।

कार्यक्रम में महिलाओं और कन्याओं की भागीदारी इस बार विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। वहीं कई स्थानों पर महिलाओं ने लाठी-डंडे का शानदार प्रदर्शन कर अपनी शक्ति, आत्मरक्षा कौशल और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत परिचय दिया, जिसने उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। शोभायात्रा में युवाओं का जोश भी देखने लायक था। हाथों में भगवा ध्वज लिए युवा जय श्री राम के नारे लगाते हुए पूरे मार्ग में ऊर्जा का संचार कर रहे थे। बुजुर्गों और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन जन-जन का उत्सव बन गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां शरबत, ठंडा पानी और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा भाव से की गई। इन व्यवस्थाओं की लोगों ने सराहना की। शोभायात्रा के समापन के बाद मायागंज स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान भक्ति गीत, नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन में हिंदुत्व सेवा संघ के अध्यक्ष नीलमणि उर्फ सोनू सम्राट, संयोजक विजय यादव, विनय सिंह, प्रमोद सिंह, कन्हैया लाल, रूपेश सिंह, शांडिल्य नंदिकेश, अजीत यादव, आकाश कुमार, आतिश राज, अमन वर्मा, मिक्की कुमार, दीपलव राणा, बमबम कुमार, राजवीर, रौशन, गुल्लू, दीपक पांडेय, सिट्टू, भुपाली यादव आदि लोग मौजूद थे। जिन्होंने पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते यह भव्य आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर