स्वीकृति आदेश के बाद भी आवास भत्ता भुगतान नहीं किए जाने पर शिक्षकों ने रखी डीएम के समक्ष मांग
नालंदा, बिहारशरीफ 11 सितंबर (हि.स.)।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नालंदा जिलाध्यक्ष राजकुमार पासवान ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) प्रवीण कुमार प्रभात पर शिक्षकों को मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी नालंदा को आवेदन देकर मामले की जांच कराने तथा कार्रवाई की मांग की है। आज शुक्रवार को दिये गये आवेदन में जिलाध्यक्ष ने कहा है कि विभागीय निर्देश के आलोक में नवंबर 2025 से पात्र शिक्षकों को मकान किराया भत्ता दिया जाना था। इसके लिए नवगठित नगर पंचायत एवं नगर परिषद क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों की दूरी आठ किलोमीटर के दायरे में होने की स्थिति में कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग द्वारा जारी विद्यालयवार दूरी प्रमाण-पत्र के आधार पर जिला शिक्षा पदाधिकारी स्तर से स्वीकृति आदेश के बाद आवास भत्ता भुगतान का प्रावधान बताया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिना कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग के दूरी प्रमाण-पत्र तथा जिला शिक्षा विभाग के सक्षम पदाधिकारी की स्वीकृति के ही तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी आनंद विजय एवं संबंधित लिपिक भूपेन्द्र कुमार द्वारा मनमाने तरीके से शिक्षकों को आवास भत्ता का भुगतान किया गया। इस मामले को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी के समक्ष आवेदन देने के साथ-साथ जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में भी शिकायत की गई है। जिलाध्यक्ष के अनुसार, मामला प्रथम अपीलीय प्राधिकार सह आयुक्त, पटना प्रमंडल तथा जिला निगरानी उड़नदस्ता दल/धावा दल के स्तर पर भी विचाराधीन है।
आवेदन में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) के पत्रांक-5336, दिनांक 29 अगस्त 2026 का हवाला देते हुए कहा गया है कि बिना स्पष्ट विभागीय आदेश के शिक्षकों से कार्यपालक दंडाधिकारी स्तर से निर्गत शपथ-पत्र की मांग की जा रही है। आरोप लगाया गया है कि इस प्रकार की कार्रवाई से शिक्षकों को अनावश्यक रूप से मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।राजकुमार पासवान ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) प्रवीण कुमार प्रभात को स्थापना संबंधी कार्य से मुक्त करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे