बारिश की जल जमाव से हरनौत कन्या मध्य विद्यालय की बदहाल हुई व्यवस्था
नालंदा, बिहारशरीफ 10 अगस्त (हि.स.)।हरनौत प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने एक ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, तो दूसरी ओर कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या खड़ी कर दी। सबसे चिंताजनक स्थिति हरनौत बाजार स्थित कन्या मध्य विद्यालय में देखने को मिली, जहां बारिश का पानी विद्यालय परिसर के साथ-साथ कक्षाओं में भी प्रवेश कर गया। इससे छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई और शिक्षकों को भी पठन-पाठन संचालित करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
दोपहर करीब 2:15 बजे विद्यालय की प्रधानाध्यापिका महारानी देवी ने बताया कि विद्यालय लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं की कमी और जर्जर भवन की समस्या से जूझ रहा है। बरसात शुरू होते ही विद्यालय की छत कई स्थानों से टपकने लगती है और थोड़ी सी बारिश में ही पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है। इस बार भी तेज बारिश के कारण पानी कक्षाओं तक पहुंच गया, जिससे छात्राओं के लिए बैठकर पढ़ाई करना मुश्किल हो गया।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में लगभग 300 छात्राओं का नामांकन है, जबकि प्रतिदिन 200 से अधिक छात्राएं नियमित रूप से पढ़ाई के लिए विद्यालय आती हैं। लेकिन पर्याप्त कक्षाओं का अभाव और भवन की जर्जर स्थिति के कारण बरसात के दिनों में पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित होती है। कई कमरों की छत से लगातार पानी टपकने के कारण छात्राओं को सुरक्षित स्थानों पर बैठाकर पढ़ाना पड़ता है। कई बार एक ही कमरे में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को बैठाना पड़ता है, जिससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे