प्रियंका सिंह का छठ गीत ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ रिलीज
- गीत में मातृत्व की अभिलाषा और आस्था का भावपूर्ण संगम
पटना, 13 नवंबर (हि.स.)। चार दिवसीय छठ महापर्व के अवसर पर सुप्रसिद्ध लोक एवं पार्श्व गायिका प्रियंका सिंह की आवाज में भोजपुरी का भावपूर्ण छठ गीत ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ रिलीज हुआ है। गीतकार मनोज भावुक की लेखनी से सजे इस गीत में एक स्त्री की अधूरी अभिलाषा, मातृत्व की लालसा और छठी मइया के प्रति अटूट आस्था को बेहद संवेदनशील अंदाज में अभिव्यक्त किया गया है।
गीत में एक ऐसी मां की अरदास को स्वर दिया गया है, जो अपने आंगन में बच्चे की किलकारी सुनने और अपनी गोद में ललना खिलाने का सपना देख रही है। इस गीत की खासियत यह भी है कि प्रियंका सिंह इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में आयोजित छठ महोत्सव में शामिल होकर प्रवासी बिहारियों के बीच अपनी गायिकी के माध्यम से बिहार की लोकसंस्कृति और परंपरा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
एक ओर ऑस्ट्रेलिया के छठ घाटों पर उनकी आवाज छठी मइया की आराधना में गूंज रही है, तो दूसरी ओर उनका नया गीत दुनियाभर के भोजपुरी संगीत प्रेमियों तक पहुंच रहा है। यह भोजपुरी लोकसंगीत की बढ़ती वैश्विक पहचान का भी सुंदर उदाहरण है।
मनोज भावुक और प्रियंका सिंह की जोड़ी भोजपुरी संगीत जगत को कई यादगार गीत दे चुकी है। मनोज भावुक की संवेदनशील लेखनी और प्रियंका सिंह की सुरीली एवं भावप्रधान गायिकी का अनूठा तालमेल उनके गीतों को खास पहचान देता है। गजल, फिल्मी गीत और लोकभावना से जुड़े गीतों में प्रियंका ने मनोज भावुक के शब्दों की संवेदना को अपनी आवाज में खूबसूरती से उतारा है। ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ इसी रचनात्मक साझेदारी की एक और भावपूर्ण प्रस्तुति है।
गीत का मुखड़ा- ‘गोदिया में देइ द ललनवा कि चहके अंगनवा नू हो, ए छठी मइया, गूंजे किलकरिया भवनवा कि फुदके होरिलवा नू हो’- श्रोताओं को सीधे भावनाओं की दुनिया में ले जाता है।
गीत के अंतरों में ननिहाल और ससुराल के रिश्तों के माध्यम से संतान की प्रतीक्षा को खूबसूरती से उकेरा गया है। मामा, मौसी, नानी, नाना, चाचा, बुआ, दादी और दादा के पुकारने की कल्पना गीत को पारिवारिक और सामाजिक विस्तार देती है।
गीत का निर्माण रत्नाकर कुमार ने किया है, जबकि संगीतकार एवं निर्देशक विनीत शाह हैं। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के बैनर तले रिलीज यह गीत पारंपरिक छठ लोकभावना को संगीत के सुंदर संयोजन के साथ प्रस्तुत करता है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी