अटल जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए कार्य करना सौभाग्य : संजय सरावगी

 


पटना, 16 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में आज पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

समारोह में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने प्रेरणास्रोत पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि जीवन भर राष्ट्र को समर्पित रहने वाले ऐसे महापुरुष के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और देश के लिए कार्य करना सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि हिमालय की तरह मजबूत सोच, उच्च आदर्श और दृढ़ इच्छाशक्ति रखने वाले अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने अमूल्य कार्यों के माध्यम से देश की सेवा की। उनका योगदान प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

संजय सरावगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत हैं। उनके प्रखर नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने अपने नेतृत्व में राष्ट्र को प्रगति, विकास और नवाचार की राह पर आगे बढ़ाया तथा सुशासन की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में रहते हुए राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखा। उनके व्यक्तित्व में संवेदनशीलता, सरलता, दृढ़ता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अद्भुत समन्वय था। मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में उनके योगदान को देश का इतिहास सदैव याद रखेगा।

इससे पूर्व ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर पटना स्थित पाटलिपुत्र पार्क (अटल पार्क) में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला अटल जी का संपूर्ण जीवन सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक रहा। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और ‘राष्ट्र प्रथम’ का संकल्प सदैव जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के पथ पर प्रेरित करता रहेगा।

पुष्पांजलि समारोह में बिहार सरकार के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान, प्रदेश महामंत्री नीतिन अभिषेक, मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार, मीडिया सह प्रभारी प्रभात मालाकार, वीरेंद्र चंद्रवंशी, अचल सिन्हा, सुधीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पाटलिपुत्र पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्रीगण एवं विधायकगण भी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अटल जी के जीवन, उनके राजनीतिक संघर्ष, राष्ट्रसेवा और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त