डीएम के निर्देश पर सदर अस्पताल में निजी एंबुलेंसों की अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई

 


नवादा,29 अप्रैल (हि.स.)। नवादा सदर अस्पताल में निजी एंबुलेंसों की अवैध गतिविधियों एवं मरीजों को गुमराह करने की प्राप्त शिकायतों के आलोक में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निदेशानुसार अमित अनुराग, अनुमण्डल पदाधिकारी, नवादा सदर एवं नवीन कुमार पाण्डेय, जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बुधवार को संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर में एक निजी एंबुलेंस वाहन (संख्या-बीआर 03 PA 5162) खड़ी पायी गई, जिस पर 2500 रुपये (नो पार्किंग) का जुर्माना लगाया गया तथा प्राथमिकी दर्ज करने हेतु निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त, सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर सड़क किनारे दो अन्य निजी एंबुलेंस खड़ी पाई गईं, जिनमें वाहन संख्या बीआर0Iआइएस 0239 पर पॉल्यूशन फेल रहने के कारण 2000 रुपये तथा वाहन संख्या बीआर0Iपीके 5334 पर फिटनेस फेल रहने के कारण 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पूछताछ के दौरान संबंधित चालकों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, जिससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि उक्त निजी एंबुलेंस द्वारा मरीजों एवं उनके अभिभावकों को गुमराह कर उन्हें सरकारी सुविधाओं से वंचित करते हुए निजी अस्पतालों की ओर ले जाया जाता है।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि अस्पताल परिसर में 12 सरकारी एंबुलेंस खड़ी थीं, किन्तु किसी भी वाहन पर न तो चालक उपस्थित थे और न ही इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन टीम के सदस्य मौजूद थे। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित सभी एंबुलेंस चालक एवं इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने हेतु जिला परियोजना प्रबंधक, सदर अस्पताल, नवादा को निर्देशित किया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मरीजों की सुविधा एवं सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अवैध गतिविधियों एवं कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन