बिहार दिवस पर सारण में प्रभात फेरी से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी
सारण, 13 मार्च (हि.स.)। आगामी 22 मार्च को आयोजित होने वाले बिहार दिवस को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस गौरवशाली दिन को भव्य रूप में मनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। उपविकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। बिहार दिवस के अवसर पर जिला स्तर से लेकर अनुमंडल, प्रखंड, विद्यालय और गाँव-गाँव में प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और शहर के प्रमुख टावर को तीन दिनों तक नीली रोशनी से जगमग किया जाएगा। राजेंद्र स्टेडियम में दिव्यांगजनों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी। साथ ही 22 मार्च को 10:00 बजे दिन में मीडिया बनाम जिला प्रशासन के बीच एक क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इसके साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराएंगे।
जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर एक ही विषय पर आधारित वाद-विवाद, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन सभी विद्यालयों में किया जाएगा। जिले की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए प्रेक्षा गृह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिसकी जिम्मेदारी जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को सौंपी गई है। इच्छुक कलाकार 16 मार्च तक जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं। चयनित होने के लिए कलाकारों का ऑडिशन 17 मार्च को प्रेक्षा गृह में लिया जाएगा।
उत्सव के दौरान स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए रंगोली निर्माण और अन्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार