43वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी

 


सारण, 05 जून (हि.स.)। परसा हाई स्कूल स्टेडियम में दो दिवसीय आयोजित होने वाली 43वीं सारण जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बात की जानकारी जिला एथलेटिक्स संघ के कार्यकारी अध्यक्ष ने दी।

उन्होंने बताया कि आयोजन सचिव सह त्रिशूल स्पोर्ट्स डिफेंस एकेडमी के निदेशक रोहित यादव के नेतृत्व में इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।

संघ के सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्थानीय युवाओं में खेल को बढ़ावा देने, उन्हें प्रेरित करने और बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से हर बार अलग-अलग स्थानों पर इस जिला प्रतियोगिता को आयोजित करने की परंपरा रही है। वहीं सचिव नीलाभ गुंजन राका ने बताया कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले भर के सब-जूनियर, जूनियर तथा महिला व पुरुष वर्ग के लगभग 300 एथलीट हिस्सा लेंगे। खिलाड़ी अपनी यूनिट के माध्यम से या स्वतंत्र रूप से भी इसमें शामिल हो सकते हैं, जिनका पंजीकरण शनिवार की सुबह तक किया जाएगा।

प्रतियोगिता का सफल संचालन जिला और राज्य स्तरीय ऑफिशियल करेंगे। विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए ब्रजेश के संयोजकत्व में उप-समितियां बनाई गई हैं, जिसमें चंदन यादव, शैलेन्द्र राय, अमित शाह, प्रतीक सिंह, राहुल सिंह, नीरज यादव, अवधेश राय और कन्हैया शर्मा भोजन, आवासन, ट्रैक व मंच निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

पांच जून को पदाधिकारियों ने मैदान का निरीक्षण भी किया। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन 10 से 13 जून तक पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार