सारण में निजी स्कूलों के शिक्षा माफियाओं पर नकेल कसने की तैयारी
सारण, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आज जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक की। बैठक में निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों के आर्थिक शोषण और शिक्षा विभाग के नियमों की अनदेखी रहा। जिलाधिकारी ने कहा कि कई निजी विद्यालयों द्वारा बार-बार री-एडमिशन फीस लेने और किसी खास दुकान से ही पुस्तकें व यूनिफॉर्म खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य करने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी एसडीओ और बीडीओ को इन शिकायतों की तुरंत जाँच करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विद्यालय के खिलाफ इन शिकायतों की पुष्टि होती है, तो उनके विरुद्ध कठोर नियमानुकूल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, और डीआरडीए निदेशक सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित थे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी भी बैठक से जुड़े रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार