आजादी उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

 


भागलपुर, 24 जून (हि.स.)।

सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था जनप्रिय भागलपुर के परबत्ती स्थित कार्यालय में आगामी आजादी उत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजय कुमार ने की, जबकि संचालन सचिव गौतम कुमार द्वारा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सचिव गौतम कुमार ने बताया कि आजादी उत्सव का आयोजन पिछले कई वर्षों से भागलपुर के विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक किया जा रहा है।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी आगामी 9 अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इस दौरान 9 अगस्त को शहीद सम्मान यात्रा, 11 अगस्त को क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता, 13 अगस्त को संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण, 14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम और 15 अगस्त को झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि 'आजादी उत्सव' युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय मूल्यों को सींचने का जीवंत माध्यम है, न कि केवल वार्षिक औपचारिकता। उन्होंने स्थानीय 'मंजूषा कला' को उत्सव से जोड़ने और बच्चों की भागीदारी को देश की जड़ों के प्रति गर्व जगाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

स्नातकोत्तर गांधी विचार विभाग के प्राध्यापक डॉ. उमेश नीरज ने कहा कि 'आजादी उत्सव' जैसी पहल युवाओं को किताबी इतिहास से बाहर निकालकर स्वतंत्रता संग्राम की जमीनी हकीकत से रूबरू कराती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समाज को महात्मा गांधी के सिद्धांतों और अगस्त क्रांति के त्याग को पुनर्जीवित करने की सख्त जरूरत है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे संस्था के संयोजक संजय कुमार ने कहा कि आजादी उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर तबके को एक सूत्र में पिरोने और अपने पुरखों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक साझा मंच है।

उक्त अवसर पर प्रोफेसर मनोज कुमार, डॉ उमेश नीरज, डॉ जयंत जलद, रेखा कुमारी, रागिनी कुमारी, पिंकी देवी, साधना देवी, श्रवण कुमार सहनी, टारजन कुमार, सागर शर्मा, गौतम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर