कांग्रेस की पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज
भागलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु एवं प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम शनिवार को भागलपुर पहुंचे।
सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों नेताओं ने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति का खुलासा किया। इसके पूर्व भागलपुर आगमन पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों शीर्ष नेताओं का फूल-माला पहनाकर और नारेबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस आगामी पंचायत चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी का मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को हर पंचायत के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना है।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें। नेताओं ने समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखी और पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
इस मौके पर स्थानीय कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस के इस कार्यक्रम को आगामी पंचायत चुनावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर