मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी

 


भागलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का 15 जुलाई को भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत काशील गांव में संभावित दौरा प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री काशील गांव की धरती से सीधे आम जनता से रूबरू होंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर अत्याधुनिक और विशाल जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा और गरिमा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग, वीआईपी और आम जनता के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन, पेयजल और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस संभावित दौरे को लेकर सिर्फ काशील ही नहीं, बल्कि आसपास के तमाम गांवों और पूरे गोराडीह प्रखंड में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों और प्रबुद्ध लोगों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा इस पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए उन्हें अपनी बात, शिकायतें और क्षेत्र की वर्षों पुरानी विकास संबंधी मांगों को सीधे सूबे के मुखिया तक पहुंचाने का एक बेहतरीन और सीधा अवसर मिलेगा।

भागलपुर के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान सहित जिले के तमाम वरीय अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। तैयारियों में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रह जाए, इसके लिए खुद कमिश्नर और वरीय अधिकारी हर गतिविधि की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में चौबीसों घंटे जुटा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर